कल जिले में 10 केंद्रों पर आयोजित होगी झारखंड नगर पालिका सेवा संवर्ग संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा, 8500 परीक्षार्थी होंगे शामिल

Manju
By Manju
3 Min Read

जमशेदपुर : झारखंड नगर पालिका सेवा संवर्ग संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 पूर्वी सिंहभूम जिले के 10 परीक्षा केंद्रों में रविवार 29 अक्टूबर 2023 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को स्वच्छ वातावरण, शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। सिटी एसपी मुकेश लुणायत, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राजीव रंजन, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी दीपू कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला बरेलिया, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार बैठक में मौजूद रहे। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी सह सेन्टर ऑब्जर्वर के साथ पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा गश्ती दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल तथा सभी परीक्षा केंद्र के लिए उड़न दस्ता दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है

जिला उपायुक्त ने बताया कि इस परीक्षा में लगभग 8500 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी दण्डाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि 8:15 के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा हॉल के अंदर आने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। परीक्षार्थी अपने साथ परीक्षा केंद्र परिसर तक अल्पाहार ला सकते हैं। सभी केंद्रों पर सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक प्रथम शिफ्ट, सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 तक द्वितीय शिफ्ट तथा दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक तृतीय शिफ्ट में परीक्षा आयोजित की जाएगी।

जिले में आर.के.एल लेडी इंदिरा सिंह हाई स्कूल, इंदिरानगर, गुलमोहर हाई स्कूल टेल्को, वैली व्यू स्कूल, अशोकनगर, विद्या भारती चिन्मया विद्यालय, टेल्को, शिक्षा निकेतन टेल्को, बारीडीह हाई स्कूल, बारीडीह, जमशेदपुर पब्लिक स्कूल, बारीडीह, केरला पब्लिक स्कूल, मानगो, दयानन्द पब्लिक स्कूल, साक्ची, राजेन्द्र विद्यालय, साक्ची में परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षार्थीकिसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण यथा मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर, पेपर, गेजेट्स तथा लॉग बुक, पुस्तक, नोटबुक, इत्यादि परीक्षा हॉल में अपने साथ नहीं लायेंगे।

उपायुक्त ने सभी गश्ती दंडाधिकारी को आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्रियों को जिला कोषागार से प्राप्त कर ससमय परीक्षा केंद्र पर सुरक्षित भेजने का निर्देश दिया है। वहीं उड़ान दस्ता दण्डाधिकारी को परीक्षा केंद्र के अंदर व बाहर गैर कानूनी व अनुचित गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने, अपने संबंधित परीक्षा केंद्रों में जेएसएससी जोनल आब्जर्वर के रूप में कार्य करते हुए निष्पक्ष, कदाचार मुक्त व शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न करने का निर्देश दिया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *