
रांची: झारखंड की राजनीति में एक नई हलचल देखने को मिली, दरअसल राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आगामी भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान किया। झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित ‘कॉफी ऐट चेंबर’ कार्यक्रम में मंत्री किशोर ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2029 में वह 75 वर्ष के हो जाएंगे और उसके बाद राजनीति से संन्यास लेंगे। उन्होंने इसे अपने राजनीतिक जीवन का अंतिम चुनाव बताया।
इस कार्यक्रम में राधाकृष्ण किशोर ने अपने अब तक के राजनीतिक सफर पर भी चर्चा की और राज्य की आर्थिक दिशा को लेकर अपनी योजनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा, “2029 में मैं 75 वर्ष का हो जाऊंगा और वही मेरा आखिरी चुनाव होगा। उसके बाद मैं सार्वजनिक जीवन से विराम लेने की सोच रहा हूं।”
राज्य की मौजूदा राजनीति में इस बयान को एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है, क्योंकि किशोर झारखंड की सत्ता और प्रशासन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनके इस बयान ने न सिर्फ राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज कर दी हैं, बल्कि राधाकृष्ण किशोर के इस बयान को झारखंड की राजनीतिक दिशा के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
चेंबर के इस कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने झारखंड की व्यापारिक संभावनाओं और बजट प्राथमिकताओं पर भी खुलकर बात की। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेश और विकास के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Radha Krishana Kishore/ Jharkhand Minister/ Jharkhand Cabinet/ jharkhand news