झारखंड की राजनीति गरमाई: सीएम सोरेन 4 दिसंबर को लौटेंगे दिल्ली से, JMM का BJP पर तीखा वार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : झारखंड की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 4 दिसंबर को दिल्ली से वापस लौटेंगे और उसी शाम सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे। यह बैठक इसलिए अहम है क्योंकि झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है।

इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है।

JMM ने भरी हुंकार, झारखंड झुकेगा नहीं

JMM ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ एकाउंट पर ‘झारखंड झुकेगा नहीं’ का नारा लगाते हुए भाजपा पर निशाना साधा। पार्टी के प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने अपने पोस्ट में भाजपा को ‘सरेंडर मोड’ में बताया।

षाड़ंगी ने लिखा है कि घाटशिला में चुनाव हारने वाली भाजपा सरेंडर मोड में हैं। हाथी घोड़े तोप तलवारें, फौज भी तेरी सारी है। जंजीरो में जकड़ा राजा मेरा, फिर भी सब पर भारी है।

उन्होंने आगे कहा कि घाटशिला उप-चुनाव हारने के बाद भाजपा सरेंडर मोड में आ गई है। उनके अनुसार, भाजपा नेता यह जान चुके हैं कि अगले 20 वर्षों तक पार्टी झारखंड के सत्ता के केंद्र में नहीं लौटेगी, इसलिए वे ‘हर रोज़ एक नया शिगूफ़ा-हर रोज़ एक नया सपना’ गढ़ रहे हैं।

प्रवक्ता ने दृढ़ता से अपनी बात समाप्त करते हुए लिखा-
‘पर सब ये जान लें, झारखंड ना झुका था- ना झुकेगा। Hemant Soren JMM ज़िंदाबाद। Jmm Jharkhand’

विधानसभा सत्र से पहले रणनीति पर चर्चा

मुख्यमंत्री सोरेन की वापसी और उसके तुरंत बाद गठबंधन विधायकों की बैठक को शीतकालीन सत्र के लिए रणनीति बनाने के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार सत्र के दौरान विपक्ष के संभावित हमलों का मुकाबला करने के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगी।

विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से शुरू होकर कुछ दिनों तक चलेगा, जिसमें सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने की कोशिश करेगी, वहीं विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

Share This Article