मिरर मीडिया : निचीतपुर 1 ग्राम पंचायत के उप मुखिया पति राजेश राय एवं उसके गुर्गे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर झारखंड राज्य पंचायत सचिव संघ एवं झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने आक्रोश रैली निकाली। आक्रोश रैली रणधीर वर्मा चौक से होते हुए समाहरणालय के गेट तक निकाली गई। आक्रोश रैली में जिला प्रशासन से अपराधीयो को गिरफ्तार करने और कतरास थानेदार मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।

पूरे मामले पर जानकारी देते हुए संघ के वक्ताओं ने बताया कि पंचायत सचिव मानिकचंद दास को विगत 3 मई को उप मुखिया पति राजेश राय एवं अन्य के द्वारा अकारण मारपीट की गई थी जिसके बाद कतरास थानेदार द्वार प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा रही थी बाद में डीएसपी निशा मुर्मू के हस्तक्षेप से प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वहीं प्राथमिकी दर्ज करने के एक सप्ताह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है जिसको लेकर आज आक्रोश रैली के माध्यम से प्रशासन को आगाह किया जा रहा है। 12 मई को सभी प्रखंड मुख्यालय में धरना दिया जाएगा उसके बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई तो 15 मई को रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय धरना के माध्यम से जिला प्रशासन को आगाह किया जाएगा। उसके बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई तो फिर उग्र आंदोलन किया जाएगा। किसी हाल में अधिकारियों को तानाशाही रवैया नहीं अपनाने दिया जाएगा।