डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड छात्र मोर्चा ने कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति से विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की है। मोर्चा ने कुलपति को एक प्रेस विज्ञप्ति भेजकर बताया कि जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज, जमशेदपुर वर्क्स कॉलेज, द ग्रेजुएट स्कूल फॉर कॉलेज फॉर विमेन जमशेदपुर, ए.बी.एम. कॉलेज गोलमुरी जमशेदपुर, और एल.बी.एस.एम. कॉलेज करनडीह जमशेदपुर में 2017 से 2025 तक इंटरमीडिएट की पढ़ाई से ‘ए’ अकाउंट में जमा हुई राशि का उपयोग कॉलेज के भवनों के सुधार और छात्र-छात्राओं के लिए स्मार्ट लाइब्रेरी की व्यवस्था करने में किया जाए। इससे छात्रों की पढ़ाई में आ रही समस्याएं दूर हो सकेंगी।

झारखंड छात्र मोर्चा ने यह भी निवेदन किया है कि 2018 से 2025 तक की छात्र संघ की जमा राशि भी कॉलेज के ‘ए’ अकाउंट में भेजी जाए, ताकि कॉलेज के विकास में मदद मिल सके। इसके अलावा इन सभी कॉलेजों की स्पॉट कोटा की जमा राशि भी कॉलेजों को भेजने का आग्रह किया गया है। मोर्चा ने कुलपति से इस विषय पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया है, जिसके लिए झारखंड छात्र मोर्चा और सभी छात्र-छात्राएं सदैव आभारी रहेंगे। इस अवसर पर झारखंड छात्र मोर्चा के कोल्हान सचिव पप्पू यादव, जिला अध्यक्ष कृष्णा कामत, बिपिन शुक्ला, वरुण झा, अंकित मिश्रा, सौरव कुमार सिंह, बिट्टू कुमार, करण, और अरुण कुमार उपस्थित रहे।