सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी: कप्तान शशि माथुर और आनंदित किशोर के दम पर झारखंड की पहली जीत

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर: सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी में झारखंड की टीम ने शानदार वापसी करते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की है। गुवाहाटी के एसीए क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए रोमांचक मुकाबले में झारखंड ने जम्मू-कश्मीर को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत की मुख्य सूत्रधार कप्तान शशि माथुर की जुझारू पारी और आनंदित किशोर की घातक गेंदबाजी रही।

आनंदित की गेंदबाजी ने जम्मू-कश्मीर को रोका
​टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला झारखंड के लिए सही साबित हुआ। आनंदित किशोर की धारदार गेंदबाजी के सामने जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाज संघर्ष करती नजर आई। आनंदित ने अपने 10 ओवर के कोटे में मात्र 32 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। जम्मू-कश्मीर की टीम निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 181 रन ही बना सकी। उनकी ओर से चित्रा सिंह ने सबसे ज्यादा 47 रनों का योगदान दिया, जबकि रुबिया सैयद ने 29 रन बनाए। झारखंड की वृष्टि ने भी सटीक गेंदबाजी करते हुए दो विकेट अपने नाम किए।

शशि और प्रियंका की शतकीय साझेदारी ने दिलाई जीत
​182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी झारखंड की शुरुआत धीमी रही, लेकिन कप्तान शशि माथुर ने मोर्चा संभाल लिया। शशि ने 87 रनों की कप्तानी पारी खेलकर टीम की जीत सुनिश्चित की। उनका बखूबी साथ निभाया प्रियंका लूथरा ने, जो 57 रन बनाकर अंत तक टिकी रही। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई सूझबूझ भरी साझेदारी की बदौलत झारखंड ने 47.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रन बना लिए और टूर्नामेंट में अपना खाता खोला। जम्मू-कश्मीर की ओर से संध्या ने दो विकेट लिए, लेकिन वह झारखंड के विजय रथ को रोकने में नाकाम रहीं।

Share This Article