Table of Contents
झारखंड विधानसभा चुनावों के नजदीक आते ही राजनीति में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। इस बार विवाद का केंद्र बने हैं जामताड़ा से कांग्रेस विधायक डॉ. इरफान अंसारी, जिनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में इरफान अंसारी विवादित बयान देते नजर आए और उन्होंने भाजपा नेता और झामुमो की नेता सीता सोरेन पर एक विवादित टिप्पणी की। इस बयान ने प्रदेश में चुनावी गर्मी को और बढ़ा दिया है, और भाजपा को इसे मुद्दा बनाने का मौका मिल गया है।
भाजपा का आक्रामक रुख, सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कांग्रेस पर साधा निशाना
इस वीडियो के वायरल होने के बाद भाजपा ने तुरंत मोर्चा संभाला और अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X (पहले ट्विटर) पर इरफान अंसारी का वीडियो साझा किया। वीडियो पोस्ट करते हुए भाजपा ने लिखा कि “कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी का भाजपा नेत्री और स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की पत्नी सीता सोरेन को ‘रिजेक्टेड माल’ कहना कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।” भाजपा ने आगे लिखा कि इरफान अंसारी के बयान से यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस-झामुमो का गठबंधन आदिवासियों और महिलाओं के प्रति अपमानजनक रवैया रखता है। हालांकि मिरर मीडिया ना ही इस वायरल वीडियो की पुष्टि करता है और ना ही इसकी सत्यता की। फिलहाल यह जांच का विषय है।
भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन, इरफान अंसारी के आवास पर जताई निंदा
इस बयान से नाराज भाजपा महिला मोर्चा ने रांची में इरफान अंसारी के आवास के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की सदस्याओं ने अंसारी के बयान को झारखंड की बहन-बेटियों का अपमान बताया और इस टिप्पणी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में सदस्याएं इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं और अंसारी के बयान को चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी जताई।
विवादित बयान पर दर्ज हुई शिकायत, अनुसूचित जनजाति आयोग ने मांगी रिपोर्ट
इस बयान को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है, जिसके चलते जामताड़ा थाने में इरफान अंसारी के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने भी इस मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए राज्य के चीफ सेक्रेटरी, डीजीपी, होम सेक्रेटरी और जामताड़ा के एसपी एवं डीसी से तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इस विवाद के कारण झारखंड के आदिवासी समुदाय में भी नाराजगी बढ़ती नजर आ रही है।
इरफान अंसारी का पलटवार – “झूठे वीडियो के जरिए मेरी छवि खराब करने की साजिश”
भाजपा के हमलों का जवाब देते हुए इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया और सफाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उनके वीडियो को काट-छांट कर गलत तरीके से पेश किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि वायरल वीडियो में उन्होंने सीता सोरेन का नाम तक नहीं लिया था और भाजपा द्वारा जानबूझकर इस वीडियो को तोड़-मरोड़ कर उनके खिलाफ झूठ फैलाया जा रहा है। इरफान अंसारी ने घोषणा की कि वे भाजपा और सीता सोरेन के खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि का दावा करेंगे और चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि “झारखंड की जनता भाजपा के झूठे प्रचारों से गुमराह नहीं होगी। भाजपा की ये साजिश मुझे और मेरे समर्थकों को चुनावी नुकसान पहुंचाने के लिए की जा रही है, लेकिन जामताड़ा की जनता मेरे साथ है और मेरा समर्थन करेगी।”
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और शिवराज सिंह चौहान ने कड़ी आपत्ति जताई
इस विवाद पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है। कोडरमा से सांसद और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अंसारी के बयान को झारखंड की महिलाओं का अपमान बताया और कहा कि “इरफान अंसारी का बयान यह दिखाता है कि कांग्रेस महिलाओं के प्रति कैसा सोच रखती है।” वहीं, झारखंड चुनाव प्रभारी और वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने भी इरफान अंसारी के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की कि वे अंसारी को मंत्रिमंडल से बाहर करें। चौहान ने कहा कि “इरफान अंसारी का यह बयान न सिर्फ सीता सोरेन बल्कि झारखंड की हर बहन और बेटी का अपमान है।”
चुनावी माहौल में नया मुद्दा, महिला सम्मान और आदिवासी अधिकारों पर बढ़ी चर्चा
इरफान अंसारी के विवादित बयान ने झारखंड चुनाव में महिला सम्मान और आदिवासी अधिकारों के मुद्दे को एक बार फिर मुख्यधारा में ला दिया है। भाजपा इस मुद्दे को चुनाव में जोर-शोर से उठाने की तैयारी कर रही है, और कांग्रेस के खिलाफ इसका इस्तेमाल करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। वहीं, कांग्रेस इस मुद्दे पर बैकफुट पर दिख रही है, लेकिन इरफान अंसारी के पलटवार से यह मामला और भी पेचीदा हो गया है।
झारखंड चुनाव में यह विवाद एक महत्वपूर्ण मोड़ ले सकता है और देखना होगा कि यह मुद्दा जनता के मन में किस प्रकार प्रभाव डालता है। फिलहाल यह विवाद झारखंड की राजनीति में हलचल मचा चुका है और सभी पार्टियां इसे अपने-अपने तरीके से भुनाने की तैयारी में जुट गई हैं।