झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर जेएलकेएम (झारखंड लोक क्रांति मंच) ने अपनी छठी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 7 नाम शामिल हैं, जिनमें पार्टी ने विभिन्न विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। गुरुवार को केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो ने इस लिस्ट को जारी किया।
बरहेट में सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ उतारा थॉमस सोरेन
इस सूची में सबसे प्रमुख नाम बरहेट विधानसभा सीट का है, जहां से जेएलकेएम ने सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ थॉमस सोरेन को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है, क्योंकि हेमंत सोरेन झारखंड के मौजूदा मुख्यमंत्री हैं और यहां से उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है।
झरिया में पूर्णिमा नीरज सिंह के खिलाफ रुस्तम अंसारी को उतारा
धनबाद की झरिया विधानसभा सीट से जेएलकेएम ने रुस्तम अंसारी को उम्मीदवार घोषित किया है। उनका मुकाबला कांग्रेस की मजबूत उम्मीदवार पूर्णिमा नीरज सिंह से होगा। पूर्णिमा नीरज सिंह ने पिछले चुनावों में झरिया से जीत दर्ज की थी और इस बार भी वह मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं। लेकिन जेएलकेएम का मानना है कि रुस्तम अंसारी जनता के बीच उनकी पकड़ को चुनौती दे सकते हैं और चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना सकते हैं।
रांची से प्रेम नायक होंगे भाजपा और झामुमो के खिलाफ
रांची विधानसभा सीट से जेएलकेएम ने प्रेम नायक को अपना उम्मीदवार बनाया है। प्रेम नायक का मुकाबला भाजपा के वरिष्ठ नेता सीपी सिंह और झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी से होगा। रांची सीट पर यह त्रिकोणीय मुकाबला काफी रोमांचक हो सकता है।
पाकुड़ में भाजपा ने छोड़ी सीट, जेएलकेएम ने विकास गोंड को उतारा
पाकुड़ विधानसभा सीट से जेएलकेएम ने विकास गोंड को प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा ने इस बार गठबंधन के तहत इस सीट से अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है, क्योंकि यह सीट आजसू के खाते में गई है। आजसू ने यहां से अजहर इस्लाम को चुनाव मैदान में उतारा है।
अन्य प्रमुख प्रत्याशी: सुमन कुल्लू, अंग्रेज दास, रुस्तम अंसारी, बी. अनिल कुमार
जेएलकेएम ने सिमडेगा से सुमन कुल्लू और देवघर से अंग्रेज दास को टिकट दिया है। वहीं, धनबाद की झरिया विधानसभा सीट से रुस्तम अंसारी और खूंटी से बी. अनिल कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है।
65 सीटों पर अब तक प्रत्याशी घोषित
जेएलकेएम ने अब तक 65 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने पहले भी लोकसभा चुनाव में अपने 8 उम्मीदवार उतारे थे, जहां वे तीनों सीटों पर तीसरे स्थान पर रही थी। गिरिडीह से जयराम महतो ने आजसू के चंद्र प्रकाश चौधरी और झामुमो के मथुरा महतो को कड़ी टक्कर दी थी।