JSCA B-Division: टाटा सेरसा का ‘पावर प्ले’, विकास सीसी को 150 रनों से चटाई धूल

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जेएससीए बी डिवीजन क्रिकेट लीग में टाटा सेरसा का एकतरफा जलवा देखने को मिला। टेल्को मैदान पर खेले गए मुकाबले में टाटा सेरसा ने बल्ले और गेंद दोनों से ऐसा प्रहार किया कि विकास सीसी की टीम पूरी तरह पस्त हो गई। 150 रनों की यह विशाल जीत टूर्नामेंट में टाटा सेरसा के दबदबे को साफ बयां कर रही है।

बल्लेबाजों ने मचाया कोहराम
विकास सीसी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन टाटा सेरसा के बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित करने में देर नहीं लगाई। वंश शर्मा ने आक्रामक रुख अपनाते हुए महज 55 गेंदों में 69 रनों (12 चौके) की पारी खेली।

अमित कुमार झा ने भी हाथ खोलते हुए 39 गेंदों पर 56 रन (11 चौके) कूट दिए।
इन पारियों की बदौलत टाटा सेरसा ने 34.5 ओवर में 268 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। विकास सीसी की ओर से निखिल मित्तल ने 4 विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन वो रनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लगा सके। 269 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी विकास सीसी की शुरुआत बेहद खराब रही। टाटा सेरसा के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को बांधे रखा।

गुलशेर आलम मैच के असली हीरो साबित हुए,उन्होंने 7 ओवर के स्पेल में मात्र 16 रन देकर 3 अहम विकेट झटके।

बल्ले से कमाल दिखाने वाले अमित कुमार झा ने गेंद से भी जलवा बिखेरा और 2 विकेट अपने नाम किए। पूरी टीम 30.1 ओवर में महज 118 रनों पर ढेर हो गई। विकास सीसी की ओर से सत्यम कश्यप (26 रन) ही थोड़ा टिक सके।

मैच के सितारे

मैन ऑफ द मैच: गुलशेर आलम (3 विकेट)

टॉप स्कोरर: वंश शर्मा (69 रन)

अंपायर: बी. लक्ष्मण और राजीव कुमार

स्कोरर: शुभम ओझा

Share This Article