रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने सीजीएल JSSC CGL (संयुक्त स्नातक स्तर) परीक्षा 2023 का परिणाम जारी कर दिया है। इसके साथ ही आयोग ने डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (डीवी) का शेड्यूल भी घोषित कर दिया है। डीवी प्रक्रिया 16 दिसंबर से शुरू होकर 20 दिसंबर तक चलेगी।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का शेड्यूल
उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए आयोग कार्यालय, कालीनगर, चाय बगान, नामकोम पहुंचना होगा। यह प्रक्रिया प्रतिदिन दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी:
पहली शिफ्ट: सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक।
दूसरी शिफ्ट: दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक।
उम्मीदवारों को जांच स्थल पर निर्धारित समय से एक घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। जो उम्मीदवार किसी कारणवश 16 से 20 दिसंबर के बीच वेरिफिकेशन नहीं करवा पाते हैं, वे 26 और 27 दिसंबर को प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
परीक्षा और पदों का विवरण
जेएसएससी सीजीएल परीक्षा 21 और 22 जनवरी 2023 को झारखंड के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित हुई थी। इस परीक्षा के माध्यम से कुल 2025 पदों पर भर्तियां की जाएंगी।
पदों का विवरण इस प्रकार है
सहायक प्रशाखा पदाधिकारी: 863 पद
श्रम परिवर्तन पदाधिकारी: 182 पद
कनीय सचिवालय सहायक: 335 पद
प्लानिंग असिस्टेंट: 05 पद
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी: 252 पद
प्रखंड कल्याण पदाधिकारी: 195 पद
अंचल निरीक्षक: 185 पद
अन्य बैकलॉग पद
पेपर लीक की शिकायतों से हुई थी देरी
परीक्षा के बाद पेपर लीक की शिकायतें सामने आई थीं, जिससे परिणाम जारी होने में देरी हुई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी।
डीवी के लिए क्या लेकर जाएं?
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उम्मीदवारों को अपने सभी मूल प्रमाणपत्र, उनकी फोटो-कॉपी, फोटो और एडमिट कार्ड लेकर जाना होगा।
परीक्षा में चयनित उम्मीदवारों के लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य है। अधिक जानकारी और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का पीडीएफ देखने के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।