बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। तापमान में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। उत्तर पश्चिम और उत्तर पूर्व भारत में चल रही तेज पछुआ हवाओं और हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में फिलहाल शुष्क मौसम बना हुआ है।पटना सहित आसपास इलाकों में मौसम सामान्य बने होने के साथ पछुआ के कारण हल्की ठंड का प्रभाव बना रहेगा।
कोहरे और बादल छाए रहने के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार राज्य के ज्यादातर भागों का मौसम शुष्क बने होने के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। नौ फरवरी को हिमालय क्षेत्रों में पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव देखने को मिलेगा। इसके कारण उत्तरी भागों में कोहरे और बादल छाए रहने के आसार है। पछुआ की गति 40 किमी प्रतिघंटा रहने का पूर्वानुमान है। उत्तरी भागों के कुछ भागों में घना कोहरा छाए रहेगा।
तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट की आशंका
24 घंटों के बाद न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल सुबह-शाम ठंड का असर महसूस होगा, लेकिन 12 फरवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी। 11 से 13 फरवरी के बीच पटना, गया, और नालंदा जैसे दक्षिण मध्य जिलों में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। कुल मिलाकर, आने वाले दिनों में दिन में गर्मी का एहसास होगा लेकिन रातें अभी भी ठंडी रहेंगी।
मध्य फरवरी में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ रहा है। इसके साथ ही हवा की गति कम है और वातावरण में नमी बनी हुई है। यही कारण है कि सुबह के समय कोहरा और रात में हल्की ठंड बनी हुई है। फरवरी में सूर्य की किरणें जमीन पर अधिक समय तक पड़ती हैं, जिससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगती है और दिन में हल्की गर्माहट महसूस होती है।

