बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भविष्य को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म होता नजर आ रहा है। नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए हैं। आज संभवतः नीतीश कुमार पटना में अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे।वहीं, वह 9 अप्रैल को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। जिसके बाद 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने की चर्चा है।
कई मायनों में अहम मानी जा रही बैठक
सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय बाद हो रही इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।इससे पहले इस फरवरी महीने में कैबिनेट की आखिरी बैठक हुई थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। उसके बाद से अब तक कोई बैठक नहीं हुई थी। ऐसे में करीब डेढ़ महीने के अंतराल के बाद बुलाई गई यह बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है।
ऐतिहासिक फैसले ले सकती है नीतीश सरकार
माना जा रहा है कि नीतीश आज अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक लेने वाले हैं। इसके बाद वे दिल्ली चले जाएंगे। ऐसे में आज होने वाली कैबिनेट मीटिंग में सीएम नीतीश कुमार कुछ ऐतिहासिक फैसले ले सकते हैं, जिसे बिहारवासी लंबे समय तक याद रखेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम नीतीश कुमार ने अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान जिन योजनाओं को हरी झंडी दिखाई, उनको पूरा करने को लेकर इस कैबिनेट बैठक में अहम फैसले लिए जा सकते हैं। इसके अलावा प्रदेश में रोजगार को बढ़ावा देने के लिए और सरकारी नौकरियों से संबंधित भी कुछ फैसले लिए जा सकते हैं।
इस्तीफे की अटकलें तेज
पटना में अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक के बाद 9 अप्रैल को दिल्ली रवाना होंगे। दिल्ली में पीएम मोदी और अमित शाह से नीतीश कुमार मिलेंगे। इसका मुख्य एजेंडा बिहार के अगले संभावित उत्तराधिकारी के नाम पर अंतिम मुहर लगाना है। 10 अप्रैल को नीतीश कुमार राज्यसभा में शपथ लेंगे। 11 अप्रैल को नीतीश कुमार पटना लौटेंगे। इसके अगले दिन यानी 12 अप्रैल को वे सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री के पद से अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। खरमास की समाप्ति के बाद 16 अप्रैल को राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है।

