मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड के मशहूर एक्शन फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर शनिवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रात करीब 1:15 बजे अज्ञात हमलावरों ने उनके आवास के बाहर चार राउंड फायरिंग की।
हालांकि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है और न ही जान-माल का कोई बड़ा नुकसान हुआ है, लेकिन फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
विरल भयानी ने दी सबसे पहले जानकारी
फिल्मी रिपोर्टर विरल भयानी ने इस घटना की जानकारी सबसे पहले सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।
रोहित शेट्टी का घर ‘शेट्टी टावर्स’ के नाम से जाना जाता है, जो जुहू के हाई-प्रोफाइल इलाके में स्थित एक 10 मंजिला इमारत है। इस बिल्डिंग में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे रहते हैं, इसलिए यहां सुरक्षा पहले से ही सख्त रहती है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक किसी भी गैंग या व्यक्ति ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी नहीं ली है।
मुंबई पुलिस कमिश्नर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान तथा मकसद का पता लगाने के लिए सभी एंगल से जांच जारी है।

