वामपंथी दलों की छात्र इकाइयों की ओर से बुलाए गए बिहार बंद का राज्य के अलग-अलग हिस्सों में असर दिखाई दे रहा। बिहार बंद के दौरान सुबह शांतिपूर्ण माहौल था। कई शहरों में शांति बरकरार रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, लेकिन दोपहर होते-होते प्रदर्शन उग्र होता चला गया। राजधानी पटना समेत सीवान, लखीसराय, औरंगाबाद, दरभंगा और अन्य जिलों में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव देखने को मिला। कई जगह पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं।
पटना में डाकबंगला चौराहा बना प्रदर्शन का केंद्र
बिहार बंद के दौरान पटना का डाकबंगला चौराहा सबसे प्रमुख अखाड़ा बन गया। यहां बड़ी संख्या में जुटे छात्रों और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर नीट पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर हुए पथराव के बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। पटना एसएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
हिरासत में लिए गए तेज प्रताप
बिहार बंद के समर्थन में सड़कों पर उतरे ‘जनशक्ति जनता दल’ के नेता तेज प्रताप यादव को पुलिस ने समर्थकों समेत हिरासत में ले लिया है। प्रदर्शन के दौरान तेज प्रताप केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस उन्हें स्थिति नियंत्रित करने के लिए हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए ले गई। हिरासत में लिए जाने के दौरान तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि सरकार छात्र हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा दिया है और दोषियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
छपरा में पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज
छपरा के थाना चौक पर प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस पर जमकर पथराव किया गया, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। इलाके में तनाव के बीच अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
सीवान में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प
सीवान में बिहार बंद के दौरान प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसके बाद हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस ने इस दौरान भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन ने स्थिति सामान्य होने की बात कही है।
समस्तीपुर में सड़क पर प्रदर्शनकारियों ने की आगजनी
समस्तीपुर में सुबह से ही बंद का असर देखने को मिला। शहर के पटेल गोलंबर पर बंद समर्थकों ने सड़क जाम कर केंद्र सरकार की शिक्षा नीति और नीट पेपर लीक मामले के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर आगजनी की, नारेबाजी की और कई लोग बीच सड़क पर बैठकर तथा लेटकर प्रतीकात्मक विरोध जताते रहे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। एहतियात के तौर पर क्यूआरटी टीम, टीयर गैस लॉन्चर और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।

