वित्तीय अनुशासन में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, उपायुक्त ने लंबित बिलों और पीएल खातों की ली क्लास

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में ए.सी, डी.सी बिल व पी.एल खातों से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा एसी व डीसी बिल की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन विभागों द्वारा एसी बिल के विरुद्ध डीसी बिल लंबित हैं, वे निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरा करते हुए डीसी बिल समर्पित करना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि वित्तीय अनुशासन बनाए रखना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने लंबित मामलों पर पदाधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

पीएल खातों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने कहा कि खातों में अनावश्यक रूप से पड़ी राशि को चिन्हित करते हुए उसे शीघ्र सरेंडर किया जाए, ताकि संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। इसके अलावा उपायुक्त ने पूर्ण हो चुकी योजनाओं के संबंध में उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर समर्पित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उपयोगिता प्रमाण पत्र लंबित रहने से नई योजनाओं के लिए आवंटन प्रभावित होता है, इसलिए सभी विभाग इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। उपायुक्त ने सभी विभागों को वित्तीय कार्यो में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि निर्धारित प्रक्रियाओं का अनुपालन अनिवार्य रूप से किया जाए। बैठक में उप नगर आयुक्त जेएनएसी, जिला कल्याण पदाधिकारी, कोषागार पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article