नहीं रहे महाभारत के ‘कर्ण’, कैंसर से जूझ रहे थे पंकज धीर, 68 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बी आर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में कर्ण के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है। 68 साल के पंकज को कैंसर था। कुछ समय पहले उन्होंने कैंसर को हराया था लेकिन कुछ समय के बाद उनका कैंसर फिर से लौट आया। वो पिछले काफी समय से इसी के चलते बीमार चल रहे थे। 14 अक्टूबर की देर रात उन्होंने आखिरी सांस ली।

वापस लौटे कैंसर से बिगड़ी हालत

पंकज धीर के करीबी दोस्त और एक्टर अमित बहल ने उनके निधन की खबर की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि पंकज धीर को कैंसर था। वह इससे जंग जीत भी गए थे, पर कुछ महीने पहले कैंसर वापस लौट आया। पकंज धीर की सर्जरी भी हुई थी, पर कैंसर ने उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया और उनकी जान ले बैठा। बताया जा रहा है कि पंकज धीर पिछले काफी समय से ज्यादा बीमार चल रहे थे।

फिरोज खान ने कहा अलविदा

पकंज के निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई और तमाम सेलेब्स और फैंस अब सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। पंकज धीर के निधन की जानकारी उनके दोस्त फिरोज खान ने इंस्टाग्राम पर शेयर की है। महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने वाले और पंकज के सह अभिनेता रहे फिरोज खान ने इंस्टा स्टोरी पर पंकज धीर के साथ अपनी एक फोटो शेयर कर उन्हें अलविदा कहा।

महाभारत में ‘कर्ण’ बनकर घर-घर हुए लोकप्रिय

पंकज धीर को उनकी शानदार अभिनय क्षमता और दमदार आवाज के लिए जाना जाता था, लेकिन 1988 के ऐतिहासिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में निभाए गए कर्ण के चरित्र ने उन्हें अमर बना दिया। उनके इस किरदार को इतनी लोकप्रियता मिली कि देश के कई हिस्सों में उनकी मूर्तियों की पूजा भी की जाती थी।

पंकज धीर का करियर, टीवी शोज और फिल्में

पंकज धीर के करियर की बात करें, तो उन्होंने कई फिल्मों और टीवी सीरियलों में काम किया था। ‘चंद्रकांता’ में उन्हें शिवदत्त के रोल में भी खूब पसंद किया गया था। वह ‘बढ़ो बहू’, ‘युग’, ‘द ग्रेट मराठा’ और ‘अजूनी’ जैसे टीवी शोज का हिस्सा रहे। इसके अलावा वह ‘सोल्जर’, ‘तुमको ना भूल पाएंगे’, ‘रिश्ते’, ‘अंदाज’, ‘सड़क’ और ‘बादशाह’ जैसी फिल्मों में नजर आए।

Share This Article