डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: महाराष्ट्र चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है। गठबंधन ने 288 में से 231 सीटों पर बढ़त बना ली है। भाजपा इस बार राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं, विपक्षी महाविकास अघाड़ी गठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा है। यह गठबंधन केवल 50 सीटों पर सिमट गया।
सीएम शिंदे बोले: “जनता ने काम को महत्व दिया”
चुनाव परिणामों के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, हमने विपक्ष के आरोपों पर ध्यान नहीं दिया और जनता के बीच रहकर काम करते रहे। लोगों ने देखा कि हम काम करने वाले लोग हैं, और उन्होंने हमें भरपूर समर्थन दिया। 2019 में जो सरकार बननी चाहिए थी, उसे लेकर लोगों में नाराजगी थी। अब जनता ने तय कर दिया है कि असली शिवसेना कौन है। जो घर बैठकर सरकार चला रहे थे, उन्हें जनता ने आईना दिखा दिया है।
सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम अजित पवार ने संयुक्त रूप से मीडिया से बातचीत की। सीएम शिंदे ने कहा कि लाडकी बहिन योजना, किसानों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए चलाई गई योजनाओं को जनता का भरपूर प्यार मिला। हमारी सरकार ने राज्य में आधारभूत ढांचे के कई मेगा प्रोजेक्ट शुरू किए, जिसने विकास की रफ्तार को तेज किया। वहीं डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जनता ने जो अपार समर्थन दिया है, उसके लिए मैं नतमस्तक हूं। यह जीत हमारी जिम्मेदारी बढ़ाने वाली है।
ईवीएम पर विपक्ष के आरोपों को बताया निराधार
डिप्टी सीएम अजित पवार ने विपक्ष द्वारा ईवीएम पर उठाए गए सवालों को खारिज करते हुए कहा,ईवीएम पर आरोप लगाना हार छिपाने का तरीका है। जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है, और हमें उनके फैसले का सम्मान करना चाहिए।
मुख्यमंत्री पद पर कोई विवाद नहीं: फडणवीस
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कोई विवाद नहीं है। पहले ही तय कर लिया गया था कि चुनाव के बाद तीनों दल मिलकर इस पर फैसला लेंगे। जो भी निर्णय होगा, वह सभी को स्वीकार्य होगा।
महायुति गठबंधन में भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल हैं।
महायुति की जीत: जनता ने दिखाया भरोसा
महाराष्ट्र की जनता ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि विकास और स्थिरता के लिए महायुति गठबंधन ही उनकी पसंद है। इस चुनाव परिणाम ने न केवल विपक्ष को झटका दिया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि सही योजनाओं और मजबूत नेतृत्व के साथ जनता का भरोसा जीता जा सकता है।
पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।