बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की दूसरी लिस्ट में 12 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई। इस लिस्ट में जानी-मानी लोकगायिका मैथिली ठाकुर का नाम भी शामिल है। मैथिली ठाकुर को अलीनगर से टिकट दिया गया है। मैथिली ठाकुर ने मंगलवार को ही भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली और अगले ही दिन यानी बुधवार को उन्हें टिकट मिल गया।

सबसे कम उम्र की कैंडिडेट
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को अपनी दूसरी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। इस लिस्ट में कुल 12 उम्मीदवारों का नाम शामिल है। लिस्ट में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरने वाला नाम है लोकप्रिय लोकगायिका मैथिली ठाकुर का, जिन्हें बीजेपी ने टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा है। पार्टी ने मैथिली ठाकुर पर भरोसा जताते हुए उन्हें अलीनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में वे सबसे कम उम्र की कैंडिडेट हैं।
टिकट मिलने के बाद क्या बोलीं मैथिली
टिकट मिलने के बाद मैथिली ठाकुर की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। नाम की घोषणा होने के बाद मैथिली ठाकुर ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है, मुझ पर विश्वास व्यक्त करने हेतु भाजपा एवं एनडीए के समस्त केंद्रीय तथा प्रदेश नेतृत्व का हृदय से आभार प्रकट करती हूं। अलीनगर की जनता की सेवा तथा भाजपा-एनडीए की लोकहितकारी नीतियों को गांव-गांव, जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूर्ण समर्पण व प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहूंगी।
अलीनगर सीट के बारे में
बीजेपी ने मैथिली को जिस अलीनगर से उम्मीदवार बनाया है। वहां का सियासी इतिहास बड़ा ही रोचक है। दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट काफी महत्वपूर्ण सीट मानी जाती है। यह सामान्य कोटे वाली सीट है। 2008 में परिसीमन के बाद यह सीट पहली बार अस्तित्व में आई। 2020 के चुनाव में वीआईपी के मिश्री लाल यादव ने आरजेडी के विनोद मिश्रा को हराया था। मिश्री लाल को 61082 वोट मिले थे जबकि विनोद मिश्रा 57981 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके अलावा 2010 और 2015 के चुनाव में यह सीट आरजेडी के खाते में गई थी। अब्दुल बारी सिद्दीकी दो बार लगातार यहां से चुनाव जीते थे। इस सीट के अस्तित्व में आने के बाद 2010 में पहली बार चुनाव हुआ था।
दूसरी लिस्ट में इन्हें मिला मौका?
- मैथिली ठाकुर- अलीनगर
- राम चंद्र प्रसाद- हायाघाट
- रंजन कुमार- मुजफ्फरपुर
- सुभाष सिंह- गोपालगंज
- केदार नाथ सिंह- बनियापुर
- छोटी कुमारी- छपरा
- विनय कुमार सिंह- सोनपुर
- बीरेंद्र कुमार- रोसड़ा
- डॉक्टर सियाराम सिंह- बाढ़
- महेश पासवान- अगिआंव
- राकेश ओझा- शाहपुर
- पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा- बक्सर

