डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए गोलमुरी थाना पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
हाल ही में गोलमुरी स्थित एबीएम कॉलेज के पास से एक बाइक चोरी हुई थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तो संदिग्धों के फुटेज सामने आए। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों का प्रोफाइल
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी परसुडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और इनका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। राजा सरदार उर्फ प्रकाश सरदार (सरजामदा, लुपुंग टोला), सोनू नायक उर्फ कटारी (हलुदबनी), अतुल मुंडू (लुपुंग टोली)
नंबर प्लेट बदलकर खपाने की थी तैयारी
पुलिस की तलाशी में आरोपियों के पास से चार हीरो होंडा स्प्लेंडर और एक पल्सर बाइक बरामद हुई है। जांच में यह खुलासा हुआ कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने सभी बाइकों की नंबर प्लेट बदल दी थी। वो इन वाहनों को बाजार में बेचने की फिराक में थे।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। हमें उम्मीद है कि इस गिरोह के जरिए शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकेगा। फिलहाल बरामद वाहनों के असली मालिकों से संपर्क किया जा रहा है।”

