जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दुर्गम और बर्फ से ढके ऊंचाई वाले इलाकों में आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। बुधवार शाम एक बार फिर सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें एक आतंकवादी को मार गिराया गया है।
व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने इस संबंध में ट्वीट कर जानकारी दी। ट्वीट में कहा गया कि किश्तवाड़ इलाके में घने जंगलों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद आतंकवादियों की लगातार तलाश और उन्हें खत्म करने का अभियान जारी है।
कॉर्प्स के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5.45 बजे CIF डेल्टा व्हाइटनाइट कॉर्प्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF के जवानों ने संयुक्त अभियान “त्राशी-I” के तहत दिछार, किश्तवाड़ क्षेत्र में भाग रहे आतंकवादियों से दोबारा संपर्क स्थापित किया। इस दौरान एक आतंकी को ढेर कर दिया गया।
हालांकि, अन्य आतंकवादी घनी हरियाली और मुश्किल इलाके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। अधिकारियों के मुताबिक, आतंकियों को 22 जनवरी को हुई पहली मुठभेड़ वाली जगह से कुछ किलोमीटर दूर फिर से रोक लिया गया।
यह चतरू बेल्ट में पिछले 18 दिनों के भीतर पांचवीं मुठभेड़ बताई जा रही है। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और आतंकियों के खिलाफ तलाशी एवं अभियान लगातार जारी है।

