डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने पुलिस विभाग में एक बड़ा फेरबदल किया है। एसएसपी ने जिले के 53 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों का एक साथ तबादला कर दिया है। इस फेरबदल में कई थानों के प्रभारियों को बदला गया है, जबकि कई को नई और अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इन थानों को मिले नए प्रभारी
तबादले की इस सूची में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव थाना प्रभारियों के स्तर पर हुआ है। मुख्य रूप से इन अधिकारियों की तैनाती की गई है।
कदमा थाना: दिलीप कुमार यादव (पूर्व में जादूगोड़ा सर्किल इंस्पेक्टर) अब कदमा के नए थाना प्रभारी होंगे। वहीं, निवर्तमान प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा को जादूगोड़ा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है।
कोवाली थाना: जुगसलाई में पदस्थापित मुकेश कुमार साव को कोवाली का नया जिम्मा मिला है। पूर्व प्रभारी धनंजय कुमार पासवान को कदमा थाना में JSI बनाया गया है।
चाकुलिया थाना: सीतारामडेरा के JSI राजेश कुमार अब चाकुलिया के नए थाना प्रभारी होंगे। यहां के निवर्तमान प्रभारी संतोष कुमार को जुगसलाई भेजा गया है।
पटमदा थाना: उलीडीह ओपी के JSI विष्णु चरण भोग्ता को पटमदा का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, पटमदा के निवर्तमान प्रभारी करमपाल भगत को परसुडीह थाना प्रभारी बनाया गया है।
प्रशासनिक सर्जरी का मुख्य उद्देश्य
एसएसपी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, यह तबादले प्रशासनिक दृष्टिकोण से किए गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना है।
सब-इंस्पेक्टर और ASI स्तर पर भी बदलाव
थाना प्रभारियों के अलावा बिष्टुपुर, साकची, मानगो, बर्मामाइंस और गोलमुरी जैसे प्रमुख थानों में भी सब-इंस्पेक्टर और एएसआई स्तर के अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। कुछ अधिकारियों को पुलिस लाइन भेजा गया है, तो कुछ को यातायात थाना, सिटी पेट्रोलिंग और कोर्ट सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्यो की जिम्मेदारी दी गई है।

