धनबाद: बीसीसीएल के ब्लॉक-2 क्षेत्र में कार्यरत 61 सुरक्षा प्रहरियों का हाल ही में किया गया स्थानांतरण यूनियन के हस्तक्षेप के बाद स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक अनिल कुमार और राष्ट्रीय जनता कामगार संघ के पदाधिकारियों के बीच हुई समझौता वार्ता के बाद लिया गया।
स्थानांतरण के विरोध में राष्ट्रीय जनता कामगार संघ के केंद्रीय सचिव अरुण प्रकाश पांडे, प्रशांत कुमार सिंह, संजीव तिवारी, संगठन सचिव देवेंद्र पांडे, एरिया-4 अध्यक्ष महेंद्र सिंह, सचिव रामप्रवेश पासवान, कोयला भवन शाखा अध्यक्ष कौशिक चैटर्जी, सचिव दरोगा महतो समेत कई पदाधिकारी ब्लॉक-2 प्रबंधन से वार्ता के लिए पहुंचे थे। इनकी मांगों को सुनने के बाद प्रबंधन ने फिलहाल सभी स्थानांतरण आदेशों पर रोक लगा दी।
इस मौके पर ब्लॉक-2 अध्यक्ष रंजीत कुमार, एरिया-1 के सचिव मुन्ना सिंह, एबीओसीपी माइंस ब्लॉक-2 अध्यक्ष राजेश कुमार नोनिया, सचिव अरुण कुमार, कोषाध्यक्ष जगदीश चंद्र महतो सहित सैकड़ों कर्मी उपस्थित थे।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए केंद्रीय सचिव अरुण प्रकाश पांडे ने कहा कि, “हमारे यूनियन के कई सुरक्षा गार्डों का स्थानांतरण पूर्व में भी रोका गया था। लेकिन अब फिर से एकतरफा निर्णय लेकर केवल गार्डों का ट्रांसफर किया जा रहा है, जबकि क्लर्क, बड़ा बाबू और अन्य अधिकारियों को अछूता रखा गया है। यह अन्यायपूर्ण है। जो यूनियन मजदूरों का हित नहीं करती, वह असली यूनियन नहीं हो सकती। हमारी यूनियन हमेशा मजदूरों के साथ खड़ी रही है और रहेगी।”