डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : गर्मियों के सीजन में आम की मांग को देखते हुए जिला प्रशासन की एक अनोखी पहल रंग लाई है। समाहरणालय परिसर में आयोजित एक दिवसीय ‘आम महोत्सव’ में शहरवासियों ने जमकर खरीदारी की। मेले में पहुंचे लोगों का उत्साह ऐसा था कि देखते ही देखते 1,074 किलोग्राम (करीब 11 क्विंटल) आम बिक गए, जिससे स्थानीय किसानों को सीधे 53,700 रुपये की आमदनी हुई।

महोत्सव का उद्घाटन करते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ना है, ताकि उन्हें अपने उत्पाद का सही और पूरा मूल्य मिल सके। उन्होंने सभी 11 प्रखंडों से आए किसानों के स्टॉल का जायजा लिया और उनका हौसला बढ़ाया।

वैज्ञानिक तरीके से हो रही है बागवानी
कार्यक्रम में मौजूद उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने बताया कि जिले में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए बागवानी सखियों और मनरेगा कर्मियों को लगातार ट्रेनिंग दी जा रही है। वैज्ञानिक पद्धति अपनाने के कारण ही इस बार आम की क्वालिटी बेहद शानदार रही, जिसे लोगों ने हाथों-हाथ लिया। इस मौके पर अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव और JSLPS के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुजीत बारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

