बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। अब से थोड़ी देर में विधानसभा और विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होगी। आज सदन में सरकार कई अहम विधेयक पेश करेगी। विपक्ष भी कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में दूसरे दिन की कार्यवाही के भी हंगामेदार रहने के आसार हैं।
सदन मे आज की कार्यवाही
आज सदन की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें अल्पसूचित और तारांकित प्रश्नों के उत्तर दिए जाएंगे। इसके बाद विभिन्न विभागों से संबंधित ध्यानाकर्षण सूचनाएं, सरकारी वक्तव्य, समिति प्रतिवेदन और अन्य दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाएंगे। प्रश्नकाल के बाद योजना एवं विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग से जुड़े ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर सरकार की ओर से जवाब दिया जाएगा। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और पथ निर्माण विभाग की वार्षिक रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएगी। विधानसभा समितियों की रिपोर्ट और याचिकाएं भी प्रस्तुत की जा सकती हैं।
7 विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे
दोपहर के भोजनावकाश के बाद सरकार की ओर से कुल 7 विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे। इन विधेयकों पर चर्चा भी शुरू हो सकती है। मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को सरकार ने उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, भूमि, कराधान, नगर विकास और कारोबार सुगमता से जुड़े कई महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक सदन में पेश किए थे। इनमें बिहार निजी विश्वविद्यालय (संशोधन), बिहार चिकित्सा (संशोधन), बिहार नर्सेज पंजीकरण (संशोधन), बिहार भूमि दाखिल-खारिज (संशोधन), बिहार नगर विकास, बिहार जुआ (प्रतिषेध), बिहार माल एवं सेवा कर (संशोधन) और बिहार व्यापार सुगमता समेत कई विधेयक शामिल रहे।
विधान परिषद में आज किन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा?
वहीं, आज विधान परिषद में भी कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। परिषद में ऊर्जा विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, उद्योग विभाग, विधि विभाग, गन्ना उद्योग विभाग से जुड़े मंत्री अपने क्षेत्र की समस्याओं पर जवाब देंगे। इसके अलावा खादी मॉल में नकली सामग्री की बिक्री पर भी विधान परिषद में चर्चा होगी। आज विधान परिषद में बिजली आपूर्ति और विभाग से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर बात हो सकती है। कुल मिलाकर आज विधानमंडल हंगामा के साथ-साथ जनता के हित के लिए उपयोगी भी साबित होने वाला है।

