डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : धालभूमगढ़ प्रखंड के किसानों को राज्य सरकार की योजनाओं के तहत कृषि विभाग से सहायता मिल रही है। हाल ही में जिला कृषि पदाधिकारी विवेक बिरूआ ने प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर कृषि कार्यों और बीज वितरण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 70 किसानों को मक्के के बीज वितरित किए गए और उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
बीज वितरण और सरकारी पहल
बिरूआ ने जुनबनी और कादोडीह टोला में किसानों के बीच बिरसा फसल विस्तारण योजना के तहत मक्के के बीज वितरित किए। यह वितरण किसान मित्र धनियल टुडू के सहयोग से संपन्न हुआ। किसानों को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार किसानों के प्रति बेहद संवेदनशील है और समय पर बीज उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने यह भी बताया कि लैंपस में आधे दाम पर अनुदानित बीज उपलब्ध हैं, जिसका लाभ किसान उठा सकते हैं। उपायुक्त द्वारा प्रतिदिन बीज वितरण की निगरानी की जा रही है, और इसके लिए जिला और प्रखंड स्तर पर अनुश्रवण कोषांग भी स्थापित किए गए हैं। जिला कृषि पदाधिकारी स्वयं जिला स्तर पर और प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रखंड स्तर पर इस प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।
कृषक पाठशाला का निरीक्षण और कृषि विकास पर जोर
भ्रमण के दौरान बिरूआ ने नुतनगढ़ स्थित राजकीय कृषि फार्म परिसर में संचालित बिरसा कृषक पाठशाला का भी निरीक्षण किया। यह पाठशाला आदर्श बाल विकास एवं शैक्षाणिक संस्था, रांची द्वारा संचालित की जा रही है। उन्होंने संस्था के संचालक को कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने धालभूम नारीशक्ति आजीविका प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के पदाधिकारियों को कृषि संबंधी कार्यों में और विभाग की योजनाओं से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के लिए सहयोग करने का आग्रह किया।
बिरूआ ने कृषक पाठशाला के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि यह समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना के तहत चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य प्रक्षेत्र में तालाब निर्माण, पशुपालन, गव्य पालन और मत्स्य पालन जैसी मूलभूत संरचनाओं का विकास करना है। इस योजना के तहत किसानों को लाइव डेमोस्ट्रेशन के माध्यम से खेती को व्यावसायिक तौर पर करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस निरीक्षण और बीज वितरण कार्यक्रम में आत्मा की उप परियोजना निदेशक गीता कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी पीयूष कुमार मंडल, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक बोदाधित्य हांसदा, सहायक तकनीकी प्रबंधक बासुदेव महतो और अन्य किसान उपस्थित रहे।