जमशेदपुर : 48-जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मतदान केन्द्रों के रेशनलाइजेशन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम-सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी संदीप कुमार मीणा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की गई। बैठक में तीनों सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, झारखंड मुक्ति मोर्चा, भारतीय जन मोर्चा, कांग्रेस व सीपीआई राजनीतिक दल के प्रतिनिधि उपस्थित हुए। राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों द्वारा रेशनलाइजेशन से संबंधित मतदान केंद्र का भौतिक सत्यापन करने की बात कही गई। जिसके बाद आगामी सोमवार को प्रतिवेदित करने की बात कही गई।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम ने कहा कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देश पर 48-जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्र भवन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति अथवा मतदाताओं की संख्या 1500 से अधिक होने पर नए मतदान केंद्र बनाये जाने पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विमर्श किया गया। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पहली जनवरी 2023 को अहर्ता तिथि मानकर फोटोयुक्त मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर भी विस्तृत जानकारी दी गई।