धनबाद मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 07 फरवरी 2026 को धनबाद मंडल में सुनियोजित तरीके से दिन-रात व्यापक टिकट जांच अभियान संचालित किया गया।
इस अभियान के दौरान 814 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा कर रहे यात्री शामिल थे। जांच के दौरान यात्रियों से कुल 4,81,825 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।
टिकट जांच टीमों द्वारा स्टेशनों के साथ-साथ विभिन्न मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सघन जांच की गई। पकड़े गए यात्रियों को आगे से उचित टिकट लेकर यात्रा करने की सख्त हिदायत दी गई।
टिकट जांच अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ भी देखने को मिली, जिससे स्पष्ट है कि नियमित जांच से यात्रियों में टिकट लेने के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
धनबाद मंडल द्वारा बताया गया कि टिकट जांच अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई होती रहेगी। मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें तथा जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें, ताकि असुविधा और दंड से बचा जा सके।

