म्यांमार और अफगानिस्तान में आधी रात भूकंप के झटके, कोई नुकसान नहीं

KK Sagar
2 Min Read

शनिवार देर रात दक्षिण एशिया के दो देशों, म्यांमार और अफगानिस्तान, में भूकंप के तेज झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। हालाँकि, राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

म्यांमार में रात 12:28 पर आया भूकंप

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, म्यांमार में शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि, यानी 23-24 मई की रात 12 बजकर 28 मिनट पर रिक्टर स्केल पर 4.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए और कई इलाकों में हलचल का माहौल बन गया। भूकंप का असर म्यांमार और उसके आसपास के क्षेत्रों में देखा गया।

NCS ने बताया कि स्थिति पर करीबी निगरानी रखी जा रही है और किसी भी संभावित झटकों के बारे में समय रहते सूचना दी जाएगी। लोगों से सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की गई है।

अफगानिस्तान में भी हिले ज़मीन के भीतर

इसी रात, 24 मई को तड़के 2 बजकर 44 मिनट पर अफगानिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस बार तीव्रता 4.2 मापी गई, जबकि इसका केंद्र पृथ्वी की सतह से 134 किलोमीटर नीचे था। भूकंप खास तौर पर देश के उत्तरी हिस्सों में महसूस किया गया।

हालांकि, अब तक अफगानिस्तान से किसी भी तरह के जान या माल के नुकसान की कोई पुष्टि नहीं हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी गहराई में आए भूकंप का असर सतह पर सीमित ही रहता है, जिससे बड़े नुकसान की संभावना कम हो जाती है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

दोनों देशों में आई इस प्राकृतिक हलचल ने एक बार फिर यह याद दिला दिया है कि भूकंप संभावित क्षेत्रों में सजगता और तैयारियों की कितनी आवश्यकता है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....