रजरप्पा पहुंचीं मंत्री दीपिका पांडे सिंह, माता छिन्नमस्तिके के दरबार में की पूजा-अर्चना

KK Sagar
2 Min Read

परिजनों संग मंदिर पहुंचकर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने का आश्वासन

रामगढ़। राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह सोमवार को अपने परिजनों के साथ रजरप्पा मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने मां छिन्नमस्तिके की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा पुजारी असीम पंडा की देखरेख में संपन्न हुई।

पूजा के बाद मंत्री ने प्रशासनिक भवन में आम लोगों से मुलाकात की। इस दौरान गोला और चितरपुर के बीडीओ व सीओ ने उनका स्वागत किया। स्थानीय दुकानदारों ने मुखिया कुलदीप साहू के साथ अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। दुकानदारों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर चिंता जताई, जिस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में स्थानीय विधायक ममता देवी से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास करेंगी।

मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि माता के दरबार में उनकी गहरी आस्था है और वह समय-समय पर यहां आकर आशीर्वाद लेती हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। आने वाले समय में मंदिर परिसर में और सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जो जल्द ही जमीन पर दिखाई देंगी।

इस मौके पर मंत्री की माता प्रतिभा पांडे, उनके परिजन एवं समाजसेवी अमित कुमार सिन्हा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....