पलामू। राज्य के मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मंगलवार को अपने मेदिनीनगर स्थित आवास पर क्षेत्र से आए कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मुलाकात के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया।
राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र की समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों को लगातार साझा करने का आग्रह किया, ताकि आवश्यक कार्रवाई कर उनका शीघ्र निपटारा किया जा सके।
मंत्री ने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

