जमशेदपुर : शहर के हावड़ा ब्रिज के पास स्थित होटल सिद्धू में इंदौर के व्यापारी से दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। व्यापारी सुब्रत भट्टाचार्यी ने होटल के कर्मचारियों व संचालक पर लूट व मारपीट का आरोप लगाया है। 7 लाख के जेवर और नकदी की लूट को लेकर गोलमुरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराया है। घटना की जानकारी उन्होंने 100 डॉयल कर पुलिस को दी। उसके बाद स्थानीय पुलिस ने होटल पहुंचकर मामले की जांच की। घटना शुक्रवार रात की है शनिवार दोपहर घटना की लिखित शिकायत थाने में की गई। बताया जा रहा है कि सुब्रत भट्टाचार्यी जमशेदपुर के परसुडीह स्थित प्रमथनगर के रहने वाले हैं। उनका परिवार करीब छह साल पहले इंदौर शिफ्ट कर गया था। उनके मुताबिक बीते चार नवंबर को वे परिवार के लोगों के साथ जमशेदपुर पहुंचे थे। यहां उनके एक दोस्त ने उनलोगों के रुकने के लिए सिद्धू होटल में दो कमरे बुक किए थे, जिसमें एक कमरे में सुब्रता और उनके भाई और दूसरे कमरे में उनके माता-पिता ठहरे थे। बीती रात वे लोग बाहर से ही खाना लेकर होटल पहुंचे थे। उनका कहना है कि जब उनके भाई ने होटल के कर्मचारियों से खाने के लिए प्लेट मांगा तो कर्मचारियों ने उसके साथ बदतमीजी की। इस पर सुब्रत के साथ भी होटल के कर्मचारियों की धक्का-मुक्की हुई। कर्मचारियों ने कमरे में घुसकर उनसे और उनके भाई के साथ मारपीट की। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।