डिजिटल डेस्क/कोलकाता: बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज हो चुकी है। प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कम से कम पंद्रह जनसभाएं कराने के लिए केंद्रीय नेतृत्व से अनुरोध किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और अन्य नेताओं के इस आग्रह को केंद्रीय नेतृत्व ने मोटे तौर पर हरी झंडी दे दी है और जरूरत पड़ने पर PM की और रैलियां कराने का आश्वासन दिया है।
इस बीच प्रदेश भाजपा ने चुनाव की घोषणा से पहले ही लगभग सौ सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय करने का लक्ष्य रखा है। दो दिन पहले ही शमिक समेत बंगाल के नेताओं ने चुनाव प्रबंधन का जिम्मा संभाल रहे केंद्रीय नेता भूपेंद्र यादव के आवास पर बैठक की। इस बैठक में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी भी शामिल हुए थे। बैठक में बंगाल में राजनीतिक हिंसा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार से ही शक्ति केंद्रों की रैलियां शुरू कर दी हैं, जिसमें पहले दिन 1300 रैलियां आयोजित होने का दावा किया गया।

