धनबाद। भाजपा के वरिष्ठ नेता मिथिलेश कुमार राम का आज सुबह धनबाद के अशरफी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 64 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से भाजपा समेत पूरे राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है।
भाजपा में दलित समाज के सशक्त चेहरा थे
पिछले तीन दशकों से मिथिलेश कुमार राम भाजपा में दलित समाज के प्रमुख चेहरों में से एक माने जाते थे। वे धनबाद जिला भाजपा के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे। अपने बेबाक बोल और स्पष्ट विचारों के कारण वे आम कार्यकर्ताओं से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक में लोकप्रिय थे।
समाज के उत्थान के लिए समर्पित जीवन
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में दलित समाज के उत्थान और अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया। समाज के हित में कई सार्थक पहल और जनहितकारी कार्य किए। उनके निधन से पार्टी ने एक जुझारू, कर्मठ और सिद्धांतनिष्ठ नेता को खो दिया है।
विभिन्न संगठनों ने व्यक्त किया शोक
भाजपा नेताओं के अलावा विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।
शोक व्यक्त करने वालों में मुकेश पांडे, संतोष सिंह, सुनील पांडे, विकास साहू, उत्तम महतो, निर्मल मिश्रा, शांतनु चंद्र, महंत पांडे, धीरेंद्र ब्रह्मचारी, मनोज मिश्रा, कुमुद प्रसाद, जितेंद्र मालाकार, मंटू सहित कई अन्य लोग शामिल हैं।
कल होगा अंतिम संस्कार
परिजनों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार की सुबह गोविंदपुर स्थित खुदिया घाट पर किया जाएगा। उनके निधन से धनबाद की राजनीति में शून्य जैसा अहसास व्याप्त है।

