डिजिटल डेस्क। कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार को मुर्शिदाबाद जिले के विधायक हुमायूं कबीर को पार्टी से निलंबित कर दिया। निलंबन का कारण उनका बाबरी मस्जिद बनाने पर अड़े रहना है। विधायक कबीर ने हाल ही में घोषणा की थी कि 6 दिसंबर को मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखी जाएगी, जिसने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया था।
पार्टी के इस कदम की घोषणा करते हुए मंत्री फिरहाद हकीम ने इस पूरे घटनाक्रम को ‘बाबरी मस्जिद प्रोपेगेंडा’ बताया और आरोप लगाया कि इसके पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का हाथ है, जिसकी मंशा राज्य में दंगा भड़काने की है।
वहीं, पार्टी के निलंबन के बावजूद हुमायूं कबीर अपने रुख पर कायम हैं। उन्होंने दृढ़ता से कहा है कि वह बाबरी मस्जिद बनाकर रहेंगे। इसके साथ ही, उन्होंने तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा देने और आगामी 22 दिसंबर को एक नई राजनीतिक पार्टी के गठन की घोषणा करने का ऐलान किया है। कबीर ने दावा किया कि उनकी नई पार्टी राज्य की 122 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। तृणमूल कांग्रेस ने इस विवादित मुद्दे को साम्प्रदायिक तनाव पैदा करने की साजिश करार देते हुए पार्टी के भीतर कड़ा संदेश देने का प्रयास किया है।

