डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले इलाके बिष्टुपुर की खाऊ गली में गुरुवार देर शाम अपराधियों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में पश्चिम सिंहभूम के चक्रधरपुर से विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि समरेश सिंह को गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना रात करीब 8:30 बजे की है, जब खाऊ गली में भारी भीड़ थी। अचानक हुई फायरिंग के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और दुकानें बंद हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने समरेश सिंह को निशाना बनाकर गोली चलाई, जो उनकी गर्दन में लगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर, बिष्टुपुर थाना प्रभारी उमेश ठाकुर समेत अन्य पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और घायल युवक से अस्पताल में पूछताछ की।
फिलहाल, समरेश सिंह का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।