डिजिटल डेस्क। जमशेदपर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से अपहृत ठेकेदार फिरदौस के बेटे को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से बरामद किया। यह घटना 9 अक्टूबर की शाम को हुई थी, जिसमें ठेकेदार के मजदूरों द्वारा ही बच्चे का अपहरण कर लिया गया था।
त्वरित कार्रवाई और पुलिस टीम का गठन
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल बिष्टुपुर थाना पुलिस को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, सीनियर एसपी ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम का नेतृत्व सिटी डीएसपी मनोज ठाकुर और बिष्टुपुर थाना प्रभारी कर रहे थे। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर अपहरणकर्ताओं की गतिविधियों का पता लगाया। लगातार खोजबीन और पुलिस की तत्परता के बाद, टीम बिष्टुपुर से सीधे मुर्शिदाबाद पहुंची और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
बच्चे को सकुशल बरामद करने के साथ ही पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
पैसे के लेन-देन का विवाद आया सामने
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि सभी आरोपी मजदूरी के सिलसिले में जमशेदपुर में ठेकेदार फिरदौस के साथ काम करते थे। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि अपहरण के पीछे पैसे के लेन-देन का विवाद है। अपहृत बच्चे के चाचा ने बताया कि आरोपी पिछले आठ वर्षों से उनके साथ काम कर रहे थे। हालांकि, हाल के दिनों में पैसे के लेन-देन को लेकर कुछ विवाद हुआ था।