उमस भरी गर्मी के बीच बिहार में मंगलवार को राहत की खबर मिली। दक्षिण पश्चिम मानसून ने किशनगंज के रास्ते मंगलवार को प्रदेश में प्रवेश किया। राज्य में एंट्री के साथ की मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। 17 जून को दक्षिण पश्चिम मानसून ने राज्य के पूर्वी हिस्से में प्रवेश किया। प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र की भविष्यवाणी के अनुसार, आज बिहार के अधिकांश जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में ठनका गिरने की भी संभावना है।

19 जून को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पटना, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, गया, खगड़िया, जमुई, मुंगेर, बांका और भागलपुर जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना अधिक है। इसलिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बारिश के दौरान आंधी की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। पश्चिम चंपारण, गया और नवादा में भारी बारिश की संभावना है।
38 जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के सभी 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग ने राज्य के 21 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि इस दौरान प्रदेश में 50-60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
26 जून तक पूरा बिहार मानसून की चपेट में
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने कहा कि 26 जून तक बिहार के सभी हिस्सों में मानसून प्रवेश कर जाएगा। उन्होंने मानसून के सामान्य रहने की उम्मीद जताई है।