“मां, आराम से बात करता हूं…”, असम विमान क्रैश में शहीद बिहार के बेटे ने दो घंटे पहले कही थी फोन पर ये बात

Neelam
By Neelam
3 Min Read

असम के जोरहाट में AN-32 विमान दुर्घटना में 5 वायुसेना कर्मियों ने देश सेवा के दौरान अपने प्राण न्योछावर कर दिए। इस विमान हादसे में बिहार के दो लाल बलिदान हुए हैं। इनमें एक जहानाबाद जिले के हुलासगंज बनबरिया गांव के शुभम कुमार और भोजपुर के दानिश आलम शामिल हैं। शुभम की शहादत की खबर मिलते ही बनवरिया गांव और पूरे जहानाबाद में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मां से हुई थी आखिरी बातचीत

फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार की शनिवार को वीडियो कॉल पर मां से हुई ये आखिरी बातचीत थी। बेटे ने मां से आखिरी बार कहा था, “मैं फ्री होकर आपके बात करता हूं। अभी थोड़ी जल्दबाजी में हूं।” मां को इंतजार था कि बेटा फ्री होकर एक घंटे बाद फिर से वीडियो कॉल पर बात करेगा। थोड़ी देर बाद ही समाचार मिलता है कि असम के जोरहाट वायुसेना स्टेशन पर भारतीय वायुसेना का परिवहन विमान (एएन -32) दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इसमें वायुसेना के पांच जवान शहीद हो गए। इनमें फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार भी हैं।

मां करती रही बेटे के वीडियो कॉल का इंतजार

शुभम के छोटे भाई सत्यम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पहले किसी को विश्वास नहीं हुआ. बाद में फोन के जरिए घटना की पुष्टि हुई, जिसके बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां जो बेटे के वीडियो कॉल का इंतजार कर रही थी, दहाड़ मारकर रोने लगीं। वो बस एक ही बात बोल रही थीं, ‘शुभम ने कहा था कि वो एक घंटे बाद वीडियो कॉल करेगा। अब वो हमें छोड़कर चला गया है।’

किसान परिवार का बेटा बना वायुसेना अधिकारी

एक साधारण किसान परिवार से आने वाले शुभम ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर वर्ष 2021 में भारतीय वायुसेना में अधिकारी के रूप में स्थान बनाया था। परिवार के अनुसार, उन्होंने देश सेवा को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल शादी करने से भी इंकार कर दिया था।

माता-पिता के सपने बिखरे

शुभम ने वर्ष 2021 में भारतीय वायुसेना जॉइन की थी। किसान पिता अमरेंद्र आनंद उर्फ पप्पू सिंह और गृहिणी मां अपने बेटे की उपलब्धि पर गर्व करते थे। परिवार ने शुभम की शादी को लेकर कई सपने संजो रखे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। शुभम दो भाइयों में बड़े थे और पूरे परिवार की उम्मीदों का केंद्र थे। 

Share This Article