डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र में एक शातिर चोर ने ऐसी चालाकी दिखाई कि दुकानदार को भनक तक नहीं लगी। शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित ‘विश्वनाथ ज्वेलर्स’ में दिनदहाड़े करीब 22 से 23 लाख रुपये के जेवरात चोरी हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी युवक की हर हरकत साफ दिखी है।
भरोसा जीतकर दिया चकमा
इस चोरी का सबसे चौंकाने वाला पहलू आरोपी की ‘प्लानिंग’ थी। दुकान मालिक विश्वनाथ दत्ता के बेटे अभिजीत ने बताया कि आरोपी युवक वारदात से एक दिन पहले भी दुकान आया था। उसने 5700 रुपये के गहने खरीदे, ताकि वह दुकानदार का भरोसा जीत सके और उसे एक नियमित ग्राहक लगे।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह युवक दोबारा ग्राहक बनकर पहुंचा। उसने काफी देर तक गहने देखे और बड़ी ही चतुराई से एक कीमती डिब्बे से जेवरात गायब कर दिए। अपनी पहचान छुपाने और शक से बचने के लिए उसने एक आभूषण पसंद करने का नाटक किया। 1000 रुपये एडवांस जमा किए और कहा कि वह बाकी पैसे लेकर शाम को गहने लेने आएगा।
CCTV से खुला राज
युवक के जाने के कुछ देर बाद जब अभिजीत को संदेह हुआ और उसने डिब्बों की जांच की, तो उसके होश उड़ गए। कीमती आभूषण गायब थे। तुरंत CCTV फुटेज खंगाली गई, जिसमें युवक गहने चोरी कर अपनी जेब में डालते हुए साफ दिखाई दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में ले लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

