बिहार की सियासत में इन दिनों लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान लगातार चर्चा में बने हुए हैं। पासवान ने हाल ही में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वे बिहार विधानसभा चुनाव की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। चिराग के इस बयान पर विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने तंज कसा है। मुकेश सहनी ने कहा कि उनमें हिम्मत नहीं है कि वो 243 सीटों पर चुनाव लड़ें।

मुकेश सहनी का चिराग पासवान पर तीखा कटाक्ष
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने चिराग पासवान पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि चिराग में वास्तव में 243 सीटों पर लड़ने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले के चुनावों में चिराग केवल 135 सीटों पर ही लड़े थे। ऐसे में अब 243 सीटों पर लड़ने का दावा महज दबाव की राजनीति है। सहनी ने चुटकी लेते हुए कहा कि शेर का बेटा आधे मैदान में नहीं लड़ता, वह पूरी ताकत से उतरता है। साथ ही उन्होंने चिराग को शुभकामनाएं भी दीं कि अगर वास्तव में वो सभी सीटों पर लड़ें, तो यह उनका स्वागतयोग्य कदम होगा।
चिराग की राजनीति पीएम मोदी के इर्द-गिर्द-सहनी
सहनी ने आगे कहा कि चिराग की राजनीति अब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इर्द-गिर्द घूमती है। उन्होंने कहा कि जब तक नरेंद्र मोदी 2029 तक देश की सत्ता में हैं, तब तक चिराग पासवान उन्हीं की छत्रछाया में राजनीति करेंगे।
सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान
इससे पहले एलजेपीआर प्रमुख चिराग पासवान ने ऐलान किया है कि वो बिहार में चुनाव लड़ेंगे और सभी 243 सीटों पर लड़ेंगे, लेकिन वो खुद किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, इसका फैसला जनता पर छोड़ा है। उन्होंने ये भी कहा कि वो शेर के बेटा हैं और वो सिर्फ एक नेता के तौर पर नहीं, एक बेटे के तौर पर लड़ रहे हैं।