धनबाद। नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद के कुल 1019 बूथों से लाई गई सभी मतपेटिकाएं राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित रिसीविंग सेंटर पहुंचीं। रिसीविंग सेंटर पर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मतपेटिकाओं को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखने की प्रक्रिया शुरू की गई।
🏫 अलग-अलग वार्डों के लिए चिन्हित किए गए स्ट्रांग रूम
मतपेटिकाओं की सुरक्षित रखवाली को ध्यान में रखते हुए स्ट्रांग रूम को वार्डवार विभाजित किया गया था। धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 1 से 5, 6 से 10, 11 से 15, 16 से 20, 21 से 25, 26 से 30, 31 से 35, 36 से 40, 41 से 45, 46 से 50 तथा 51 से 55 के लिए अलग-अलग कमरे निर्धारित किए गए थे। वहीं, चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड संख्या 1 से 21 की मतपेटिकाओं के लिए भी पृथक स्ट्रांग रूम चिह्नित किए गए थे।
🔐 अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सील हुए स्ट्रांग रूम
सभी मतपेटिकाओं को निर्धारित कमरों में रखने के बाद स्ट्रांग रूम को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, महापौर पद के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार तथा धनबाद नगर निगम के महापौर, चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में सील कर दिया गया। सुबह लगभग 3:30 बजे अंतिम स्ट्रांग रूम को सील किया गया।
👮♂️ मतगणना तक थ्री लेयर सुरक्षा में रहेगा स्ट्रांग रूम
मतगणना की तिथि तक स्ट्रांग रूम को थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था में रखा गया है। इनर लेयर में झारखंड आर्म्ड पुलिस की तैनाती की गई है, जबकि अन्य दो लेयर में जिला पुलिस बल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतत निगरानी की जा रही है।

