ताबड़तोड़ गोलियों की गूंज से दहला मुजफ्फरपुर, कुख्यात शूटर गोविंद को अपराधियों ने भूना

Neelam
By Neelam
3 Min Read

मुजफ्फरपुर में देर रात गैंगवार में कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की हत्या कर दी गई। पहले से घात लगाए दो शूटरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने उस पर आधा दर्जन से अधिक गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोविंद शर्मा पूर्व मेयर समीर कुमार और प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। वह कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था।

मौके पर ही तोड़ा दम

घटना अमर सिनेमा रोड स्थित छोटी कल्याणी के पास गणपति मार्केट के सामने की बताई जा रही है। वारदात को नगर थाना क्षेत्र में स्थित ‘आइकॉन टावर्स’ में देर रात अंजाम दिया गया। कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा आइकॉन टावर के एक फ्लैट में किराए पर रहता था। रविवार रात करीब 10 बजे वह पटना से अपनी कार से लौटा था। कार से उतरकर जैसे ही वह सीढ़ियों के रास्ते फ्लैट की ओर बढ़ा, पहले से घात लगाए दो शूटरों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पूर्व मेयर समेत कई हत्याकांड में था शामिल

स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोविंद को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गोविंद का नाम शहर के चर्चित आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पूर्व मेयर समीर कुमार और प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही हत्याकांड में भी उसका नाम था। वह लंबे समय से पुलिस और अपराध जगत के बीच चर्चा का विषय बना हुआ था।

मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन

मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेस कुमार मिश्रा ने पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। घटना के पीछे की वजह को लेकर फिलहाल पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है। एसएसपी का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई

नगर थाना पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। कुख्यात अपराधी की हत्या की इस घटना ने एक बार फिर शहर में अपराध और गैंगवार को लेकर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।

Share This Article