नक्सली साजिश: चाईबासा के जंगलों में धमाका, घायल कोबरा अधिकारी को बेहतर इलाज के लिए रांची लाया जा रहा

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के नक्सल प्रभावित सारंडा वन क्षेत्र में रविवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जारी संघर्ष के दौरान एक बड़ा आईईडी विस्फोट हुआ। इस घटना में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के असिस्टेंट कमांडर अजय मल्लिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

क्या हुआ और अब क्या है स्थिति?
सुरक्षाबल पश्चिमी सिंहभूम के मरंगपोंगा इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सघन तलाशी अभियान चला रहे थे, तभी नक्सलियों द्वारा पहले से प्लांट किया गया आईईडी फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी चपेट में कोबरा अधिकारी अजय मल्लिक आ गए। हालांकि, शुरुआती प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति अभी स्थिर बताई जा रही है। बेहतर इलाज और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के लिए घायल अधिकारी को रांची एयरलिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं जिले के एसपी अमित रेणु ने पुष्टि की है कि इस हमले के बावजूद जवानों का मनोबल ऊंचा है और नक्सलियों के खात्मे तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

इलाके में भारी घेराबंदी
विस्फोट के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। अतिरिक्त फोर्स को मौके पर रवाना किया गया है, ताकि जंगल में छिपे नक्सलियों की धरपकड़ की जा सके। सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों ने सुरक्षाबलों की मूवमेंट को भांपते हुए पहले ही रास्ते में आईईडी लगा रखा था।

Share This Article