पश्चिमी सिंहभूम में नक्सलियों ने किया आईडी ब्लास्ट, जवान ज़ख्मी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला के बलिबा जंगल में गुरुवार को नक्सलियों ने आईडी ब्लास्ट किया है। जिसकी चपेट में आने से कोबरा 209 बटालियन के एसआई जितेन्द्र दानी जख्मी हो गए। पुलिस बल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मुख्यालय, झारखण्ड,राँची और सीआरपीएफ के सहयोग से हेलीकॉप्टर के माध्यम से प्राथमिक उपचार के पश्चात जख्मी पदाधिकारी को उच्चत्तर इलाज के लिए तत्काल रांची भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ के सुरक्षाकर्मियों ने छोटानागरा और झराइकेला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीमावर्ती वन क्षेत्र में संयुक्त अभियान शुरू किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनल, अनमोल, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा/कोल्हान क्षेत्र में भ्रमणशील है। जिसके आलोक में बुधवार से सीआरपीएफ, कोबरा और जिला पुलिस बल द्वारा एक संयुक्त अभियान छोटानागरा एवं जराईकेला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगल क्षेत्र में शुरू किया गया है।

अभियान के दौरान गुरुवार सुबह लगभग 07.30 बजे छोटानागरा थाना क्षेत्र के वनग्राम बलिबा के आस-पास जंगली पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को लक्षित करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाये गये आईईडी को विस्फोट किया गया। जिसमें कोबरा बटालियन का एक एएसआई का घायल हुआ है। घटना की पुष्टि पुलिस मुख्यालय और पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने की है। नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

Share This Article