डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर में कारा सुरक्षा व उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अनिकेत सचान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में घाघीडीह कारा, साकची कारा, घाटशिला उप कारा में सुरक्षा व्यवस्था व कारा में स्थित सेल, अस्पताल, वॉच टावर, पेयजल आपूर्ति आदि आधारभूत सुविधा की आवश्यक मरम्मति एवं जीर्णोद्धार कार्य की समीक्षा की गई। बैठक में रेलवे कोर्ट जमशेदपुर में बंदियों के रखने के लिए कोर्ट हाजत बनाने पर भी चर्चा की गई।
गर्मी के मौसम को देखते हुए केंद्रीय कारा घाघीडीह, मंडल कारा साकची, उप कारा घाटशिला में पेयजल की समुचित व्यवस्था किये जाने का निर्देश दिया गया। साथ ही बंदियों के लिए प्रशिक्षण व अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़ने पर विचार किया गया। सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से जेल में 4-जी, 5-जी जैमर लगाने, आवश्यकतानुसार वॉकी-टॉकी उपलब्ध कराने, वॉच टॉवर में पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने का निर्देश भी दिया गया। सिक्योरिटी ऑडिट के तहत प्रशासन व पुलिस के पदाधिकारियों को नियमित अंतराल पर सभी कारा, उप कारा, बाल सुधार गृह, अस्पतालों के कैद वार्ड, कोर्ट हाजत का औचक निरीक्षण करने तथा रेड करने का निर्देश भी दिया गया। प्रभावी कार्रवाई के लिए सूचनातंत्र को मजबूत करने पर बल दिया।