भारत के स्टार एथलीट और भाला फेंक के दिग्गज खिलाड़ी नीरज चोपड़ा शादी के बंधन में बंध गए हैं। नीरज ने शिमला में दो दिन पहले गुप्त तरीके से शादी की। इस नई शुरुआत की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर दी, जिसे देखकर उनके फैंस हैरान रह गए।
शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं
नीरज चोपड़ा ने अपनी शादी की तीन तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा की हैं। इन तस्वीरों में नीरज अपनी पत्नी और परिवार के साथ नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वह मंडप में बैठे दिख रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक भावुक कैप्शन लिखा, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी के नाम का खुलासा किया है।
नीरज का भावुक संदेश
नीरज ने कैप्शन में लिखा, “जीवन के नए अध्याय की शुरुआत अपने परिवार के साथ की। हर उस आशीर्वाद के लिए आभारी हूं जो हमें इस पल तक लेकर आया। प्यार से बंधे, हमेशा के लिए खुश।”नीरज की पत्नी का नाम हिमानी है, जो सोनीपत की रहने वाली हैं। हिमानी अमेरिका में स्पोर्ट्स मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही हैं। शादी के तुरंत बाद यह जोड़ा हनीमून के लिए अमेरिका रवाना हो गया।
पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन
2024 पेरिस ओलंपिक में नीरज ने भाला फेंक स्पर्धा में 89.45 मीटर दूर भाला फेंककर सिल्वर मेडल जीता था। हालांकि, इस प्रतियोगिता में पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर का स्वर्ण पदक जीता। इसके बावजूद, नीरज के प्रदर्शन की दुनियाभर में सराहना हुई।
दुनिया के नंबर 1 एथलीट बने नीरज
अमेरिकी पत्रिका ट्रैक एंड फील्ड न्यूज ने नीरज चोपड़ा को 2024 में भाला फेंक का दुनिया का सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट घोषित किया। उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत से इस सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया।
शादी को लेकर पहले भी उठे थे सवाल
टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने के बाद से ही नीरज की शादी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। सोशल मीडिया पर अक्सर उनसे शादी से जुड़े सवाल पूछे जाते थे। पेरिस ओलंपिक के बाद जब उनकी शादी की खबरें सामने आईं, तब उन्होंने इन्हें खारिज कर दिया था।
नीरज चोपड़ा की इस नई पारी की शुरुआत पर उनके फैंस और खेल जगत से जुड़ी हस्तियों ने शुभकामनाएं दी हैं। उनकी शादी की खबर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।