नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद नया मुख्यमंत्री तय

KK Sagar
3 Min Read

पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की तैयारी के बीच प्रदेश में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, सत्ता के नए समीकरण लगभग तय हो चुके हैं और जल्द ही बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है।

जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल से नीतीश कुमार का राज्यसभा कार्यकाल शुरू होने जा रहा है। इससे पहले वे मुख्यमंत्री पद और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि, यह भी चर्चा है कि वे केंद्र सरकार में मंत्री नहीं बनेंगे, बल्कि राज्यसभा सदस्य के रूप में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

सत्ता संतुलन में बड़ा बदलाव

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार सरकार के गठन में भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड के बीच नया संतुलन देखने को मिलेगा। अब तक JDU के नेतृत्व में सरकार चल रही थी, लेकिन नए फॉर्मूले के तहत मुख्यमंत्री पद BJP को मिल सकता है।

इतना ही नहीं, विधानसभा अध्यक्ष और गृह मंत्रालय जैसे अहम विभाग भी BJP के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है। यह बदलाव बिहार की राजनीति में एक बड़े शक्ति संतुलन का संकेत माना जा रहा है।

मंत्री पदों का बंटवारा

सूत्रों के अनुसार, BJP के पास मुख्यमंत्री पद के साथ करीब 15 मंत्री पद रह सकते हैं, जबकि JDU को 2 उपमुख्यमंत्री पद समेत 16 मंत्री पद और विधान परिषद सभापति का पद मिलने की चर्चा है।

इसके अलावा सहयोगी दलों में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 2 मंत्री पद, जबकि राष्ट्रीय लोक पार्टी और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को एक-एक मंत्री पद मिलने की संभावना है।

निशांत कुमार की एंट्री पर नजर

इस राजनीतिक बदलाव में निशांत कुमार की एंट्री भी अहम मानी जा रही है। चर्चा है कि उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, जबकि दूसरा उपमुख्यमंत्री JDU के किसी वरिष्ठ नेता को बनाया जाएगा।

बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार पार्टी अध्यक्ष के रूप में संगठन और सरकार दोनों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

चुनावी रणनीति पर फोकस

यह पूरा फॉर्मूला 2029 के लोकसभा और 2030 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह बदलाव NDA के अंदर संतुलन बनाने और भविष्य की रणनीति मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम हो सकता है।

बिहार में सत्ता परिवर्तन की यह संभावित तस्वीर आने वाले दिनों में साफ हो जाएगी। फिलहाल, सियासी अटकलों का बाजार गर्म है और सबकी नजर नए मुख्यमंत्री के नाम पर टिकी हुई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....