New Delhi: दिल्ली पुलिस ने 23 वर्षीय तुषार सिंह बिष्ट को शकरपुर से गिरफ्तार किया है, जिसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का गलत इस्तेमाल कर 700 से अधिक लड़कियों को धोखा दिया। तुषार दिन में नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करता था, जबकि रात में खुद को अमेरिकन मॉडल बताकर लड़कियों को निशाना बनाता था।
नकली प्रोफाइल बनाकर करता था ठगी
तुषार ने बम्बल और स्नैपचैट जैसे प्लेटफॉर्म्स पर ब्राजीलियन मॉडल की तस्वीरें चुराकर फर्जी प्रोफाइल बनाई। वह खुद को भारत आए एक अमेरिकी फ्रीलांस मॉडल के रूप में पेश करता था। उसकी योजना 18 से 30 साल की महिलाओं को अपने जाल में फंसाने की होती थी। भरोसा जीतने के बाद वह उनसे निजी तस्वीरें और वीडियो मंगवाता था।
ब्लैकमेलिंग से वसूले पैसे
पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में तुषार यह सब सिर्फ मनोरंजन के लिए करता था, लेकिन बाद में उसने ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। वह तस्वीरें और वीडियो लीक करने की धमकी देकर लड़कियों से पैसे ऐंठता था। दिल्ली विश्वविद्यालय की एक छात्रा की शिकायत के बाद यह मामला उजागर हुआ।
दिल्ली साइबर पुलिस ने एसीपी अरविंद यादव के नेतृत्व में एक टीम बनाकर जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर तुषार की गतिविधियों का पता लगाया गया। उसके पास से 13 क्रेडिट कार्ड, मोबाइल फोन और 60 से अधिक व्हाट्सएप चैट रिकॉर्ड बरामद किए गए।
लड़कियों की शिकायत से खुला मामला
पुलिस की जांच में पता चला कि तुषार ने बम्बल और स्नैपचैट पर 700 से अधिक महिलाओं से संपर्क किया था। इनमें से कई महिलाओं से उसने पैसे वसूले। एक छात्रा ने 13 दिसंबर 2024 को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
तुषार ने बीबीए की पढ़ाई की है और पिछले तीन साल से नोएडा में काम कर रहा था। उसके पिता ड्राइवर हैं, मां गृहिणी हैं और बहन गुरुग्राम में काम करती हैं।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य पीड़ितों से भी संपर्क करने की कोशिश कर रही है।