New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार की सुबह घने कोहरे और ठिठुरन के साथ शुरू हुई। घने कोहरे के कारण कुछ ही दूरी तक देख पाना मुश्किल हो गया। गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में शून्य विजिबिलिटी दर्ज की गई, जिससे हाईवे पर यात्रा कर रहे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों को दिन के उजाले में भी गाड़ियों की हेडलाइट्स जलाकर चलना पड़ा।
रेवाड़ी में भीषण कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें
रेवाड़ी में शुक्रवार सुबह सात बजे के आसपास घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता इतनी खराब थी कि दस मीटर की दूरी भी साफ नहीं दिख रही थी। हवा की गति धीमी होने के कारण कोहरा ज्यादा गहरा महसूस हुआ। एलिगेंट सिटी के आसपास के गेहूं के खेतों में ओस की मोटी परत देखी गई। स्थानीय लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव जलाकर हाथ सेंकते हुए दिन बिताया।

हवा की गुणवत्ता बेहद गंभीर, गुरुग्राम में AQI 999 तक पहुंचा
दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता शुक्रवार को बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। गुरुग्राम के सेक्टर-51 में सुबह सात बजे एक्यूआई 999 तक पहुंच गया। इसके अलावा, नोएडा के सेक्टर-62 में एक्यूआई 406 और दिल्ली के वजीरपुर में 284 दर्ज किया गया। प्रदूषण बढ़ने का मुख्य कारण धीमी हवा की गति और प्रतिकूल मौसम को बताया जा रहा है।
स्थान और AQI
- गुरुग्राम सेक्टर-51– 999
- नोएडा सेक्टर-62– 406
- आईटीआई शारदा, दिल्ली– 355
- श्रीनिवासपुरी, दिल्ली– 351
- अलीपुर, दिल्ली– 277
- नरेला दिल्ली– 256
- वजीरपुर दिल्ली– 284
- गाजियाबाद– 183
- पंजाबी बाग दिल्ली– 273
- मुंडका दिल्ली– 212
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है, जबकि कुछ इलाकों में बेहद घना कोहरा होने की संभावना है। दिन के दौरान आंशिक बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 17 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान आठ डिग्री तक रह सकता है।
प्रदूषण और कोहरा बना चुनौती
दिल्ली-एनसीआर में नए साल की शुरुआत में ही प्रदूषण और कोहरे का प्रभाव लोगों को परेशान कर रहा है। धीमी हवा और ठंड के कारण प्रदूषण में सुधार की संभावना कम है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस स्थिति में जल्द बदलाव की उम्मीद नहीं की जा सकती।