बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जदयू में शामिल हो गए हैं। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलाई। ललन सिंह ने उन्हें पार्टी का गमछा पहनाया। पार्टी की सदस्यता लेने के बाद निशांत ने ललन सिंह और संजय झा के पैर छुए।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद क्या बोले निशांत?
जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार ने कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा, ‘मेरे पिताजी ने पिछले 20 वर्षों में जो विकास कार्य किए हैं, मैं उन्हें आगे ले जाऊंगा। राज्यसभा जाने का फैसला मेरे पिताजी का निजी है।मैं उनके फैसले का सम्मान करता हूं।’
बेटे की सियासी एंट्री पर नजर नहीं आए नीतीश कुमार
निशांत कुमार ने पटना स्थित पार्टी दफ्तर में जेडीयू की सदस्यता ली। हालांकि, इस दौरान मंच पर नीतीश कुमार नजर नहीं आ रहे हैं। निशांत कुमार के अगल-बगल में जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और संजय झा बैठे नजर आए।

